2012 बैच के आईएएस अधिकारी रणबीर शर्मा ने कहा—शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत और बेहतर क्रियान्वयन प्राथमिकता
गरियाबंद, 21 अगस्त 2026। गरियाबंद जिले के नवनियुक्त कलेक्टर रणबीर शर्मा ने शुक्रवार को जिला कार्यालय पहुंचकर निवर्तमान कलेक्टर बीएस उइके से कार्यभार ग्रहण किया। इसके साथ ही श्री शर्मा ने गरियाबंद जिले के 14वें कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभाल ली।
कार्यभार सौंपने के दौरान निवर्तमान कलेक्टर बीएस उइके ने नवनियुक्त कलेक्टर रणबीर शर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
अधिकारियों से ली जिले की जानकारी
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिला कार्यालय में मौजूद अधिकारियों से परिचयात्मक चर्चा की। उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की सामान्य जानकारी लेते हुए अधिकारियों से विभागवार गतिविधियों के संबंध में चर्चा की।
कलेक्टर शर्मा ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत और बेहतर क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ जिले के विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
समाज कल्याण संचालक के रूप में कर चुके हैं कार्य
उल्लेखनीय है कि 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रणबीर शर्मा इससे पहले समाज कल्याण विभाग के संचालक के रूप में कार्यरत थे। अब उन्हें गरियाबंद जिले की प्रशासनिक कमान सौंपी गई है।
पदभार ग्रहण के अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, नवीन भगत सहित जिले के समस्त एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर जिले की प्रशासनिक व्यवस्था एवं विभिन्न विभागों के कार्यों की जानकारी ली।

