भोपाल। बुधवार को किसी परिचित की अंत्येष्टि में शामिल होने छोला विश्राम घाट जा रहे भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा को रास्ते में भीषण जाम का सामना करना पड़ा। करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करने में उन्हें लगभग दो घंटे का समय लग गया। रास्ते में जगह-जगह अवैध रूप से खड़े ऑटो, वाहन, गुमटियां और अस्थायी दुकानें होने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित था।
जाम की स्थिति से परेशान सांसद श्री आलोक शर्मा ने मौके से ही प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और उन्हें तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। सांसद ने कलेक्टर श्रीमती प्रियंक मिश्रा से भी इस संबंध में बात की। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस कमिश्नर श्री संजय कुमार से फोन पर चर्चा कर अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजने और यातायात व्यवस्था सुचारु कराने के निर्देश दिए।
कुछ ही देर में प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्वयं पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह अवैध रूप से खड़े ऑटो, वाहन, गुमटियां और दुकानें नजर आईं, जिनके कारण छोला विश्राम घाट आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
सांसद श्री आलोक शर्मा ने अधिकारियों के समक्ष नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब एक सांसद को मात्र दो किलोमीटर की दूरी तय करने में दो घंटे लग रहे हैं, तो आम नागरिकों को किस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता होगा, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोला विश्राम घाट तक आने-जाने वाले मार्ग पर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिकों को जाम और अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अवैध रूप से खड़े ऑटो और वाहनों को व्यवस्थित कराने, अतिक्रमण हटाने तथा यातायात का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि श्मशान घाट ऐसा स्थान है जहां लोग अत्यंत दुख और संवेदना की स्थिति में अपने परिजनों की अंतिम यात्रा में शामिल होने पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें रास्ते में जाम और अव्यवस्था का सामना करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
सांसद शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि इस मार्ग की यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।

