भोपाल, 19/08/2026। भारतीय जनता पार्टी के भोपाल जिला अध्यक्ष एवं नगर निगम के एमआईसी सदस्य श्री रविंद्र यति ने निगम परिषद की बैठक में व्यापारियों से लिए जाने वाले कमर्शियल लाइसेंस शुल्क का विषय उठाते हुए इसे समाप्त किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि व्यापारी शहर की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक शुल्क एवं प्रक्रियाओं को समाप्त कर उन्हें राहत प्रदान की जानी चाहिए। परिषद में रखी मांग को सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
जिलाध्यक्ष श्री रविन्द्र यति ने कहा कि व्यापारियों को राहत देने के उद्देश्य से महापौर परिषद की ओर से शासन को पत्र प्रेषित कर कमर्शियल लाइसेंस शुल्क समाप्त करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार और नगर निगम व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा उनके हितों के संरक्षण के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं। व्यापारियों को सुगम, सरल और अनुकूल कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ कम होने से उन्हें अपने व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित करने में सुविधा मिलेगी तथा शहर के व्यापारिक वातावरण को भी मजबूती मिलेगी। नगर निगम व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर सकारात्मक पहल करता रहेगा।

