‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत बिलासपुर में मिठाई दुकानों पर कार्रवाई
बिलासपुर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत सात दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान मिठाई एवं कन्फेक्शनरी विक्रेताओं तथा खाद्य निर्माण फर्मों की सघन जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज जिला बिलासपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने व्यापार विहार स्थित पवन ट्रेडर्स में जांच कार्रवाई की। जांच के दौरान बर्फी के मिथ्याछाप (Misbranded) पाए जाने पर 23 कार्टून, कुल 102 किलोग्राम खाद्य सामग्री को सीज किया गया। संबंधित खाद्य पदार्थ का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
इसी तरह शनिचरी बाजार स्थित गुरु कृपा ट्रेडर्स से मद्रास का मशहूर स्पेशल खस्ता मिठाई का नमूना जांच के लिए लिया गया। लेबलिंग में निर्धारित मानकों के अनुरूप कमी पाए जाने के आधार पर मिथ्याछाप का प्रकरण दर्ज किया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के तहत विशेष रूप से मिठाई, पनीर, खोवा एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों की जांच की जाएगी।
विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे त्योहार के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबल, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि की जांच अवश्य करें तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी संबंधित विभाग को दें।
