मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वन मंडल क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वर्तमान में तीन हाथी अलग-अलग गुटों में विचरण कर रहे हैं और खेतों में पहुंचकर धान की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।

वन विभाग के मुताबिक एक हाथी घुसरिया गांव के देवराज पारा क्षेत्र में मौजूद है। वहीं दूसरा हाथी निष्कर्ष राय के खेत में पहुंचकर धान की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। तीसरा हाथी घुसरिया परिसर के कक्ष क्रमांक 2051 के जंगल के निचले हिस्से में स्थित संजय राय के खेत में पहुंचा है, जहां वह फसल को नुकसान पहुंचा रहा है।
तीनों हाथियों के अलग-अलग स्थानों पर विचरण करने से वन विभाग के सामने भी चुनौती बढ़ गई है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन अमला लगातार निगरानी कर रहा है। वन विभाग ने घुसरिया, चरचेडी, पटेल टोला, मजीतटोला, चिचगोहना और सचराटोला सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
डीएफओ मरवाही कुमार निशांत ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों को देखकर उनके करीब जाने या उन्हें उकसाने की कोशिश न करें। हाथियों को भगाने का प्रयास करना भी खतरनाक हो सकता है। ग्रामीण रात के समय खेतों और जंगल की ओर अकेले जाने से बचें तथा हाथियों की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। विभाग का प्रयास है कि हाथियों और ग्रामीणों के बीच किसी भी तरह का टकराव न हो और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
