सीहोर, 12 अगस्त, 2026
जन अभियान परिषद एवं महिला बाल विकास विभाग द्वारा हरियाली अमावस्या के अवसर पर ग्राम कचनारिया में हरियाली कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवांकुर सखियों को बीज रोपित थैलियों का वितरण किया गया। नवांकुर सखियां इन अंकुरित थैलियों को पोषित कर पेड़ बनने तक इनकी देखभाल करेंगी। इस दौरान हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों और ग्रामवासियों ने हाथ मे तिरंगा लेकर देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण के नारे भी लगाए।
इस अवसर पर श्री भादर सिंह मेवाड़ा ने कहा कि भारतीय संस्कृति ही विश्व की एकमात्र संस्कृति है जिसमें पशु, पक्षियों, पेड़-पौधों से लेकर प्रकृति की पूजा की जाती है। हमारे सारे त्यौहार प्रकृति से जुड़े हुए हैं। हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम हमारी धरती को फिर से हरा भरा करें। ब्लॉक समन्वयक श्री प्रदीप सिंह सेंगर ने कहा कि नवांकुर सखियों के माध्यम से ग्राम को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा।
परामर्शदाता श्री सुरेश पांचाल और श्री रत्नेश तिवारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, कुपोषण मुक्ति, पर्यावरण आदि विषयों के बारे में भी बताया।

