अभा किसान सभा ने दिया मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
सीहोर। अखिल भारतीय किसान सभा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र को आपदा क्षेत्र घोषित करने की मांग की। कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नाम का ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर प्रेम सिंह को दिया गया। कार्यकर्ताओं का नेतृत्व में महासचिव प्रहलाद दास बैरागी ने किया। आगामी 7 दिनों में तत्संबंधी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर किसान और प्रभावित नागरिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
महासचिव प्रहलाद दास बैरागी ने बताया कि मध्य प्रदेश में विगत दिनों हुई भीषण वर्षा और बाढ़ के कारण सीहोर जिला बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। किसानों की हजारों एकड़ क्षेत्र की फसल बर्बाद हो गई है। बड़ी संख्या में कमजोर और वंचित तबके के लोगों को पुनर्वास, राहत और रोजगार की जरूरत है।
इस प्रतिकूल और संकट की स्थितियों में जिले को आपदा ग्रस्त जिला घोषित कर किसानों को फसलों के बरबाद होने की क्षति पूर्ति हेतु समुचित मुआवजा दिया जाए। भीषण वर्षा और बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत, पुनर्वास और रोजगार प्रदान करने के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए।
