10 किलोवाट सोलर रूफटॉप सिस्टम कराया स्थापित, नागरिकों से स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की अपील
कोरबा, 24 जुलाई 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत छत्तीसगढ़ में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए कोरबा जिले के अनेक परिवार अब स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर बिजली उपभोक्ता से ऊर्जा उत्पादक बनने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

इसी क्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने कोहड़िया स्थित निवास पर 10 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।

मंत्री देवांगन ने बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित हुए लगभग एक माह हो चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। इससे बिजली खर्च में उल्लेखनीय बचत हो रही है, वहीं स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के कारण आम नागरिकों के लिए सोलर संयंत्र लगाना पहले की तुलना में अधिक आसान और लाभकारी हो गया है। घरेलू उपयोग के बाद बची अतिरिक्त बिजली विद्युत वितरण कंपनी के ग्रिड में भेजी जाएगी, जिससे भविष्य में अतिरिक्त आय प्राप्त होने की भी संभावना रहेगी।
मंत्री देवांगन ने प्रदेश एवं कोरबा जिले के नागरिकों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता का जनआंदोलन है। यह लोगों को बिजली उपभोक्ता से ऊर्जा उत्पादक बनने का अवसर प्रदान कर रही है।”
उन्होंने नागरिकों से सौर ऊर्जा अपनाकर स्वच्छ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। साथ ही इस जनकल्याणकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की प्रतिबद्धता से प्रदेश में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई गति मिल रही है।

