रेशम लाल यादव को केंद्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का निर्णय, नाथूलाल पांडे पर मनमानी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप

कोरबा-गेवरा/दीपका, 23 जुलाई। कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) गेवरा-दीपका क्षेत्र एवं सीईडब्ल्यूएस गेवरा का क्षेत्रीय सम्मेलन बुधवार को एचएमएस कार्यालय, गेवरा में आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने तथा आगामी सदस्यता सत्यापन और गुप्त मतदान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सम्मेलन में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
इससे पूर्व 21 जुलाई को हिन्द खदान मजदूर फेडरेशन के अध्यक्ष रेशम लाल यादव की अध्यक्षता में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे एचएमएस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सर्वसम्मति से कोयला मजदूर पंचायत में शामिल होने का निर्णय लिया गया। इस दौरान कोयला मजदूर पंचायत के केंद्रीय महामंत्री विनय सिंह की उपस्थिति में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। साथ ही सर्वसम्मति से रेशम लाल यादव को कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) का केंद्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का निर्णय भी लिया गया।
सम्मेलन में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए जल्द ही सभी क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित कर नई क्षेत्रीय समितियों का गठन किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एसईसीएल के सभी क्षेत्रों का दौरा करेंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को संगठन से जोड़कर उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
22 जुलाई को आयोजित गेवरा-दीपका एवं सीईडब्ल्यूएस गेवरा के सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने कोयला मजदूर पंचायत को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। बैठक में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा, पारदर्शी संगठनात्मक व्यवस्था और सक्रिय नेतृत्व के माध्यम से संगठन को नई दिशा देने की आवश्यकता है। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन के विस्तार अभियान में पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
बैठक के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कोयला मजदूर सभा के महामंत्री नाथूलाल पांडे के नेतृत्व पर भी असंतोष व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि संगठन में लंबे समय से मनमानी, वित्तीय अनियमितताएं तथा कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव जैसी स्थितियां बनी हुई हैं, जिन्हें अब स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि आगामी सदस्यता सत्यापन और गुप्त मतदान के दौरान श्रमिकों को ऐसे नेतृत्व के प्रति अपना लोकतांत्रिक निर्णय देना चाहिए।
सम्मेलन के समापन पर गेवरा-दीपका एवं सीईडब्ल्यूएस गेवरा के सभी कार्यकर्ताओं ने कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) के झंडे तले एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने, श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करने तथा रेशम लाल यादव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठनात्मक एकता और सक्रिय भागीदारी से एचएमएस को एसईसीएल के सभी क्षेत्रों में और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

