बिहार की सबसे हॉट सीटों में से एक बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने चुनाव प्रचार के दौरान जनता से विकास के नाम पर वोट करने की भावुक अपील की है।
नीरज सिन्हा ने जनता से मुखातिब होते हुए कहा,किसी के बहकावे में न आएं बांकीपुर के निरंतर विकास के लिए मतदान करें। भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा जमीनी स्तर पर काम किया है और आगे भी क्षेत्र की समस्याओं का समाधान हमारी पहली प्राथमिकता होगी। बीजेपी ने पहले इस सीट से अभिषेक कुमार सिन्हा (बंटी) को उम्मीदवार बनाया था। लेकिन उनके पारिवारिक कारणों से नाम वापस लेने के बाद, पार्टी ने एक बेहद साधारण और जमीनी कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को टिकट देकर सबको चौंका दिया। नीरज सिन्हा पिछले 25 वर्षों से संगठन में एक बूथ स्तर के कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे हैं। वह नरेंद्र भारती मंडल के अध्यक्ष और बूथ अध्यक्ष जैसी जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। टिकट मिलने से पहले तक वे खुद बांकीपुर में पार्टी के लिए पर्चियां बांटने और प्रचार करने का काम कर रहे थे। बांकीपुर सीट को बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां से लगातार 5 बार विधायक रहे नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई है।
त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बांकीपुर उपचुनाव में मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। जमीन पर कार्यकर्ताओं के साथ जुड़े नीरज सिन्हा का मुकाबला मुख्य रूप से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की रेखा गुप्ता और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवारों से माना जा रहा है। इस सीट पर मतदान 30 तारीख को होना तय हुआ है।

