कहा : विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बिल्हा विधानसभा अंतर्गत पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, लछनपुर (पथरिया) में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय में नवस्थापित कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया। साथ ही बच्चों के साथ आत्मीयता से न्योता भोज में भोजन किया तथा सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं, इसके अतिरिक्त “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों के सपनों को नई उड़ान देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता तथा विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और विद्यालय जीवन की नई शुरुआत के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शाला प्रवेश प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर श्री कौशिक ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए सभी विद्यार्थियों का जीवन ज्ञान, संस्कार और सफलता के प्रकाश से आलोकित हो तथा वे निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होकर अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम गौरवान्वित करें ऐसी कामना की।
