शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का एक ही छत के नीचे त्वरित निराकरण करने और शासकीय योजनाओं का लाभ देने के उद्देश्य से जनपद पंचायत कार्यालय नर्मदापुरम में चार दिवसीय जनकल्याणकारी शिविर का शुक्रवार को गरिमामय शुभारंभ हुआ। यह शिविर 12 जून से 15 जून 2026 तक चलेगा।
शिविर के प्रथम दिन विभिन्न विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। नागरिकों से अपील की गई कि योजनाओं का लाभ लेने में आ रही समस्याओं के आवेदन वे शिविर में बने काउंटरों पर सीधे प्रस्तुत करें। शिविर में पशुपालन एवं डेयरी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास, श्रम विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, उद्यानिकी, आयुष्मान भारत योजना तथा सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन विभाग के अधिकारी अपनी टीमों सहित उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन अधिकारी द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को वृद्ध, कल्याणी व दिव्यांग पेंशन योजनाओं, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना की पात्रता शर्तों से अवगत कराया। कृषि, महिला बाल विकास और आजीविका मिशन के अधिकारियों ने भी स्वरोजगार व जनकल्याण योजनाओं की जानकारी दी।
समापन सत्र में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने पात्र हितग्राहियों को मंच से वृद्धावस्था पेंशन के स्वीकृति आदेश प्रदान किए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त कर प्रथम दिन के शिविर का समापन किया। साथ ही क्षेत्रीय जनता से 15 जून तक चलने वाले इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर समस्याओं का समाधान कराने और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
