परिवहन सेवा को चरणबद्ध रूप से शुरू किया जाएगा
- सामान्य जन के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है राज्य परिवहन सेवा
02 जून 2026, भोपाल.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य परिवहन सामान्य जन के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। राज्य सरकार न सिर्फ प्रदेश में बेहतर और आधुनिक सड़कों का तेजी से निर्माण कर रही है, बल्कि जल्द ही नागरिकों को राज्य परिवहन की विशेष सुविधा भी देने जा रही है । राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत की ओर बढ़ रही है। इस बार रक्षाबंधन पर हमारी बहनें परिवहन विभाग की बसों में सफर करें, इसके लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने यह जानकारी विधानसभा में मीडिया से चर्चा में दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की भोगौलिक परिस्थिति के कारण शहरों के बीच दूरी अधिक है। बसें उपलब्ध नहीं होने पर लोगों को मजबूरी में लोडिंग गाड़ियों में सफर करना पड़ता है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा इन सभी समस्याओं को खत्म करेगी। उम्मीद है कि राज्य के अंदरूनी हिस्सों और पड़ोसी राज्यों के साथ मध्यप्रदेश सरकार का यह प्रयास सुगम परिवहन सेवा के रूप में देखने को मिलेगा। प्रदेश में जनसुविधाओं के विस्तार और प्रदेश के समग्र विकास के लिए हमारी सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता और संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
