बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के खपरगंज इलाके में शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक कमेंट को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई तथा देखते ही देखते इलाके में पथराव शुरू हो गया। अचानक हुए पथराव से खपरगंज क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए अतिरिक्त बल बुलाया। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
एसएसपी ने कहा- CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

मामले को लेकर एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पोस्ट से लेकर मारपीट और पथराव तक की पूरी घटना को जांच के दायरे में लिया गया है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर बोले- बिलासपुर भाईचारे और सौहार्द का शहर
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर भाईचारे और सौहार्द का शहर है। शहर के शांतिपूर्ण वातावरण को खराब करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से मामले को संभाल रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
हिंदूवादी संगठन ने लगाए आरोप

वहीं, हिंदूवादी संगठन से जुड़े ठाकुर राम सिंह ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रक्षाबंधन के बाद घर लौट रहे हिंदू भाइयों के साथ खपरगंज में मारपीट और पथराव किया गया। उन्होंने कहा कि देश में हर नागरिक को बिना भय के किसी भी गली और सड़क से गुजरने का अधिकार है।
ठाकुर राम सिंह ने घटना को लेकर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर चिंता का विषय बताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनके बयान में सांप्रदायिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस की निगरानी जारी
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। CCTV फुटेज के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल खपरगंज में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।
