पूज्य संतों के सान्निध्य, जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा व जिला प्रभारी विकास विरानी की उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम
संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के पावन उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कलश वितरण कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ संत रविदास जी महाराज के चित्र एवं पवित्र कलशों का विधिवत पूजन-अर्चन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा एवं जिला प्रभारी विकास विरानी ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूज्य संत उद्धव दास जी महाराज एवं संत किशोर दास जी महाराज का पुष्पाहार पहनाकर तथा शॉल-श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए संत किशोर दास जी महाराज ने संत रविदास जी के जीवन और दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास जी का संपूर्ण जीवन मानव कल्याण, सेवा और समरसता के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और वाणी इतनी पावन व प्रासंगिक हैं कि सिखों के पवित्र ग्रंथ ‘श्री गुरु ग्रंथ साहिब’ में भी उनके 40 पद आदरपूर्वक संकलित किए गए हैं।
संत उद्धव दास जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि संत रविदास जी स्वामी रामानंद जी के प्रमुख शिष्य थे और वैष्णव परंपरा के महान संत थे। उन्होंने ‘जाति-पांत पूछे न कोई, हरि को भजे सो हरि का होई’ के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। हम सभी को उनके दिखाए मार्ग और पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
सभी 25 मंडलों को सौंपे गए कलश
कार्यक्रम के दौरान पूज्य संतों द्वारा जावर मंडल की टीम को विधिवत कलश सौंपकर वितरण का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा एवं जिला प्रभारी विकास विरानी सहित उपस्थित वरिष्ठ नेताओं द्वारा जिले के शेष सभी मंडलों को कलश वितरित किए गए।
जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा कि संत रविदास जी की कलश यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में सामाजिक समरसता की भावना को सुदृढ़ करना है, ताकि सब मिलकर एक सशक्त, गौरवशाली और वैभवशाली राष्ट्र का निर्माण कर सकें। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त से शुरू हुई यह यात्रा जन-जन तक संत रविदास जी के विचारों और संदेशों को पहुँचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस यात्रा में आमजन की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी विकास विरानी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की समरस समाज की संकल्पना के अनुरूप यह अभियान वर्ष 2027 तक निरंतर जारी रहेगा। आज सीहोर जिले के सभी 25 मंडलों के अध्यक्षों व टोलियों को कलश सौंपे गए हैं। हमारा लक्ष्य है कि यह पावन संदेश समाज के अंतिम छोर और हर वर्ग तक पहुँचे।
कार्यक्रम की प्रस्तावना महामंत्री पंकज गुप्ता द्वारा रखी गई। इसके अलावा कार्यक्रम को वरिष्ठ नेता सन्नी महाजन द्वारा भी संबोधित किया गया।
कलश समारोह में मुख्य रूप से संत उद्धव दास जी महाराज, संत किशोर दास जी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला प्रभारी विकास विरानी, जिला महामंत्री तारा कटारिया, महामंत्री पंकज गुप्ता, महामंत्री जितेंद्र गौड़, वरिष्ठ नेता सन्नी महाजन मंचासीन रहे। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष एवं मंडल टोली के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
