प्रशिक्षण, छात्रावास एवं ई-लाइब्रेरी की सुविधाएं अब मिलेगी ऑनलाइन
भोपाल, 19 अगस्त। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के पावर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेनिंग सेंटर (PDTC) द्वारा अपनी आधिकारिक वेबसाइट (https://pdtc.mpcz.in:7001/) विकसित कर सफलतापूर्वक प्रारंभ की गई है। वेबसाइट के माध्यम से पीडीटीसी की प्रशिक्षण गतिविधियों, उपलब्ध अधोसंरचना, छात्रावास सुविधाओं एवं संस्थान से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां अब ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।
पीडीटीसी के डायरेक्टर श्री सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वेबसाइट पर आयोजित होने वाले विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, विषय-विशेषज्ञ एवं इच्छुक संकाय सदस्य पीडीटीसी में फैकल्टी रजिस्ट्रेशन एवं एम्पैनलमेंट के लिए अपनी जानकारी ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकेंगे।
कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर ई-लाइब्रेरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से उपयोगी अध्ययन सामग्री, प्रशिक्षण संबंधी संसाधनों एवं अन्य डिजिटल सामग्री का ऑनलाइन उपयोग किया जा सकेगा।
वेबसाइट के प्रारंभ होने से पीडीटीसी की प्रशिक्षण एवं छात्रावास संबंधी सेवाएं अधिक सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी होंगी। प्रशिक्षणार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विषय-विशेषज्ञों को आवश्यक जानकारी और सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। पीडीटीसी द्वारा प्रशिक्षण व्यवस्था को आधुनिक एवं डिजिटल बनाने की दिशा में वेबसाइट का शुभारंभ एक महत्वपूर्ण पहल है।

