कोरबा, 12 अगस्त 2026। मानिकपुर स्थित ओरिएंटल कॉलेज ऑफ नर्सिंग में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में करीब 120 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में कॉलेज के डायरेक्टर आर.के. गर्ग और प्राचार्या रचना सहित कॉलेज के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार चंद्रा और साइबर टीम के वीरकेश्वर प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और ऑनलाइन ठगी के तरीकों की जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर बैंक खाते और निजी जानकारी हासिल करते हैं। इस दौरान OTP फ्रॉड, फर्जी लिंक, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, KYC अपडेट, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, फर्जी निवेश और लोन ऑफर, सोशल मीडिया ठगी, फर्जी नौकरी और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों के बारे में जानकारी दी गई।
छात्र-छात्राओं को समझाया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित तरीके से डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रबंधन और छात्र-छात्राओं ने पुलिस विभाग का आभार जताया।
कोरबा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी से बचने के लिए हमेशा सतर्क रहें और ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।

