कोटा। कोटा कोचिंग डिपो में कोचों के रखरखाव एवं निरीक्षण कार्यों की निगरानी को मजबूत करने के लिए 84 रणनीतिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। विशेष रूप से पिट लाइनों में कोचों के ऊपरी एवं निचले हिस्से की जांच और रखरखाव कार्यों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा के नेतृत्व में की गई यह पहल आधुनिक तकनीक के माध्यम से रखरखाव की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे निर्धारित रखरखाव प्रक्रियाओं के पालन की बेहतर निगरानी होगी, जिसका सीधा लाभ यात्रियों को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय यात्रा के रूप में मिलेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि सीसीटीवी के माध्यम से मेंटेनेंस एवं निरीक्षण गतिविधियों की वास्तविक समय में निगरानी की जा रही है। इससे निरीक्षण की गुणवत्ता, जवाबदेही और कोचों की विश्वसनीयता बढ़ाने में सहायता मिल रही है।
सीसीटीवी फुटेज आवश्यकता पड़ने पर समीक्षा एवं विश्लेषण के लिए उपलब्ध रहेगा। साथ ही, डिपो में रेलकर्मियों की सुरक्षा और किसी भी असामान्य स्थिति में त्वरित कार्रवाई में भी इससे सहायता मिलेगी।

