1500 से अधिक छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने की सहभागिता
सीहोर, 12 अगस्त, 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय सीहोर में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित इस रैली में 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के दौरान पूरा नगर देश भक्ति के रंग में रंगा नजर आया और देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों से वातावरण गूंज उठा।

तिरंगा रैली का शुभारंभ टाउन हॉल से किया गया। विधायक श्री सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर, कलेक्टर श्री बालागुरू के., पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने रैली में सहभागिता की। रैली को रवाना करने से पहले आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए, जिसने समारोह के उत्साह को और बढ़ा दिया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं नागरिक जब रैली में शामिल हुए तो पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
टाउन हॉल से प्रारंभ हुई तिरंगा रैली निर्धारित मार्ग बस स्टैंड, आनंद डेयरी, कोतवाली चौराहा से होते हुए लीसा टॉकीज पहुंची। इस दौरान सड़क के दोनों ओर अनेक लोगों ने तिरंगा रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। रैली में शामिल विद्यार्थी और नागरिक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम् सहित देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान करते हुए आगे बढ़े। रैली का समापन लिसा टॉकीज पर किया गया।

रैली के समापन अवसर पर विधायक श्री सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जसपाल अरोरा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता करने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। इसलिए स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है। तिरंगा रैली जैसे आयोजनों से युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना और अधिक मजबूत होती है। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने रैली को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
तिरंगा रैली में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना सिंह, डीएफओ श्रीमती अर्चना पटेल, अपर कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना, एएसपी डॉ प्रशांत चौबे, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री शीलू शर्मा, श्री सुदीप प्रजापति, श्री प्रितेश राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा नागरिक उपस्थित रहे।

