मोती मस्जिद-सदर मंजिल मार्ग से बैरिकेडिंग हटाने और विपरीत दिशा में चलने वाले वाहनों पर सख्ती के निर्देश
भोपाल 08/08/2026। पुराने भोपाल के बाजारों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण को लेकर भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा ने शनिवार को पुलिस कमिश्नर श्री संजय कुमार के साथ बैठक की। बैठक में भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने बाजार क्षेत्रों में लगातार लगने वाले जाम, अनावश्यक बैरिकेडिंग, अतिक्रमण और यातायात से जुड़ी अन्य समस्याओं से सांसद को अवगत कराया।

व्यापारियों ने मोती मस्जिद के समीप की गई बैरिकेडिंग के कारण बाजारों में आवागमन प्रभावित होने की समस्या प्रमुखता से रखी। इस पर सांसद श्री आलोक शर्मा ने पुलिस कमिश्नर से कहा कि मोती मस्जिद से सदर मंजिल की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई अनावश्यक बैरिकेडिंग को हटाया जाए, ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, जिससे यातायात भी सुचारू रहे और बाजारों में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिले।

सांसद श्री आलोक शर्मा ने कहा कि पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी नागरिकों को बेहतर और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसलिए यातायात व्यवस्था में ऐसे प्रबंध किए जाने चाहिए, जिनसे आम जनता के साथ-साथ व्यापारियों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में सुल्तानिया रोड और इमामी गेट क्षेत्र में अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सांसद श्री शर्मा ने कहा कि इकबाल मैदान के आसपास सड़क किनारे बड़ी संख्या में फल-सब्जियों के ठेले लगने से यातायात प्रभावित हो रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अतिक्रमण हटाने के साथ ही ठेले-खोमचे वालों के लिए व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई, ताकि रोजगार भी प्रभावित न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।
पुलिस कमिश्नर श्री संजय कुमार ने सांसद श्री आलोक शर्मा को आश्वस्त किया कि आमजन की सुविधा और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्रों का यातायात विशेषज्ञों के माध्यम से सर्वे कराया जाएगा और सर्वे के आधार पर जनहित में उचित निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री गोविंद गोयल सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
