कोरबा, 28 जून। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा सिविक सेंटर स्थित नवीनीकृत जुबली पार्क का लोकार्पण प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, बालको के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पार्क में आधुनिक खेल उपकरण, ओपन जिम, योगा प्लेटफॉर्म, वॉकिंग ट्रैक, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विश्राम स्थल एवं हरित वातावरण जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। मंत्री देवांगन ने कहा कि बालको ने सड़क, सामुदायिक भवन, महिला सशक्तिकरण सहित अनेक जनहितकारी कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और यह विकास यात्रा पूरे क्षेत्र के लिए एक आदर्श बनेगी।
बालको के सीईओ राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक एवं नागरिक अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और नवीनीकृत जुबली पार्क इसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। महापौर संजू देवी राजपूत ने भी सड़क निर्माण, नाला निर्माण एवं अन्य जनकल्याणकारी परियोजनाओं में बालको के योगदान की सराहना की। वर्ष 1990 में रजत जयंती के अवसर पर स्थापित इस पार्क का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास कर इसे सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए स्वास्थ्य, फिटनेस, मनोरंजन और सामाजिक मेलजोल का उत्कृष्ट केंद्र बनाया गया है, जिससे टाउनशिप एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

