लोकसभा अध्यक्ष ने अत्याधुनिक एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस को जनसेवा के लिए कोटा रेल मंडल को किया समर्पित
कोटा। मरीजों को जरूरत के समय समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने बुधवार को कोटा स्थित कैंप कार्यालय से अत्याधुनिक एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस एम्बुलेंस को जनसेवा के लिए कोटा रेल मंडल को समर्पित किया। यह एम्बुलेंस अब कोटा रेलवे स्टेशन पर मरीजों के निःशुल्क परिवहन के लिए उपलब्ध रहेगी।इस अवसर पर श्री ओम बिरला ने कहा कि जरूरत के समय मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण होता है। यह एम्बुलेंस गंभीर मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा के साथ सुरक्षित और समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद करेगी। इससे जरूरतमंद मरीजों और उनके परिवारों को महत्वपूर्ण राहत मिलेगी।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस यह एम्बुलेंस रेलवे स्टेशन एवं रेलवे अस्पताल में मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगी। विशेष रूप से गंभीर स्थिति वाले मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सहायता के साथ सुरक्षित एवं समय पर अस्पताल तक पहुंचाने में इससे सुविधा मिलेगी।यह पहल रेलवे स्टेशनों पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।इस अवसर पर कोटा मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्रीमती सुपूर्ण सेन रॉय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन सहित रेलवे एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।मुख्य बिंदुअत्याधुनिक एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस एम्बुलेंस को जनसेवा के लिए रेलवे को समर्पित किया गया।एम्बुलेंस रेलवे स्टेशन एवं रेलवे अस्पताल में मरीजों के निःशुल्क परिवहन के लिए उपलब्ध रहेगी।गंभीर मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मिलेगी मदद।रेलवे में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल।

