गरियाबंद। छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत गरियाबंद पुलिस ने बुधवार, 19 अगस्त को जिले के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान के दौरान स्कूली बच्चों, शिक्षकों और आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान का खास आकर्षण क्यूआर कोड और सेल्फी के माध्यम से जागरूकता रहा। पुलिस ने कार्यक्रम स्थलों पर क्यूआर कोड उपलब्ध कराए और लोगों से इसे स्कैन करने के बाद अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की। पुलिस का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवाओं और आम नागरिकों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति सजग करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल और मैसेज से सावधान रहने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। 15 अगस्त से 22 अगस्त तक चल रहे इस विशेष अभियान के माध्यम से गरियाबंद पुलिस जिले में सुरक्षित डिजिटल वातावरण बनाने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
