सुधार एक सतत प्रक्रिया है और इस सुधार प्रक्रिया में सतर्क प्रबंधन के साथ-साथ तकनीकी साधनों का प्रयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमने मात्र 06 महीनों में डिजिटाइजेशन अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया है। इसके अंतर्गत 2.05 करोड़ अभिलेखों का डिजिटाइजेशन किया गया और लगभग 15,730 वर्गफुट कार्यालय स्थान खाली कराया गया। एनसीआर सफर, एनसीआर क्यूएएस 2.0, एनसीआर एमडीपी तथा एनसीआर होम नामक चार इन-हाउस वेब एप्लीकेशन भी विकसित किए गए हैं। हमारे सतर्कता विभाग द्वारा अनुचित एवं अनियमित कार्यप्रणालियों पर न केवल अंकुश लगाया जा रहा है, बल्कि इस संबंध में सुधार के तौर-तरीकों के बारे में सुझाव एवं परामर्श भी दिया जा रहा है। वर्तमान वर्ष के दौरान सतर्कता विभाग द्वारा प्रणालीगत सुधार के 11 निर्देश जारी किए गए, जिनमें निवारक जाँच के दौरान पकड़ी गई अनियमितताएँ, बैंक स्टेटमेंट का सत्यापन, स्वीकृति पत्र जारी करने तथा कोटेशन मामलों का निष्पादन आदि जैसे विषय शामिल हैं।
हमारे सुरक्षा कर्मी यात्रियों की सुरक्षा तथा रेल संपत्ति की संरक्षा के प्रति सदैव सजग रहते हैं। हमारे रेल सुरक्षा बल के जवानों द्वारा इस वर्ष ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के अंतर्गत 650 से अधिक बच्चों को सुरक्षित बचाया गया एवं उन्हें उनके परिजनों से मिलवाया गया अथवा सुरक्षित रूप से एनजीओ को सौंप दिया गया। उन्होंने ऑपरेशन नारकोस के अंतर्गत मादक पदार्थों तथा प्रतिबंधित सामग्री को ले जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की तथा इस संबंध में 49 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और 2,39,95,365/- रुपए मूल्य की सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा टिकटों की अवैध बिक्री तथा अवैध वेंडिंग के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए, वर्तमान वर्ष के दौरान 33 अनधिकृत टिकट एजेंटों तथा 7427 वेंडरों को पकड़ा गया।
मानव संसाधन किसी भी जीवंत संगठन की मूल्यवान निधि होते हैं और उनके हितों की समुचित देखरेख हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। कर्मचारियों में स्वस्थ जीवन शैली विकसित करने के उद्देश्य से हमारे चिकित्सा विभाग द्वारा नियमित रूप से स्वास्थ्य जाँच शिविरों का आयोजन किया जाता है और पिछले छह माह के दौरान लगभग 59000 कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जाँच की गई है। वर्तमान वर्ष के दौरान केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज में सी-आर्म, अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन तथा मल्टीपैरा मॉनिटर आदि जैसी सुविधाओं सहित विभिन्न अस्पतालों में नई सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। कर्मचारियों को वैकल्पिक चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय कार्यालय में एक एक्यूप्रेशर डिस्पेंसरी भी खोली गई है।

आईगॉट प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे ने समस्त क्षेत्रीय रेलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जोन के प्रशिक्षण संस्थानों द्वारा आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के अंतर्गत लगभग 29000 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है। पिछले एक वर्ष के दौरान सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से 30000 से अधिक शिकायतों का निपटारा किया गया है। हमने दिव्यांगजनों को आजीविका के साधन उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा में शामिल करने का विशिष्ट कार्य किया है। नियमित नियुक्तियों के अतिरिक्त जोन में विभिन्न संविदागत नियोजनों के अंतर्गत 400 से अधिक दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार 16 स्टेशनों पर दिव्यांगजनों हेतु सुविधाओं का उन्नयन किया गया है। अपने कार्यबल को और अधिक सशक्त बनाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में दिव्यांग कर्मचारियों को 100 से अधिक स्कूटी वितरित की गई हैं।
जोन में राजभाषा नीति को लागू करने के लिए हमारा राजभाषा विभाग उल्लेखनीय प्रयास कर रहा है। राजभाषा हिंदी में सक्रिय एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए इस वर्ष हमारे एक अधिकारी का रेल मंत्री राजभाषा पुरस्कार हेतु चयन किया गया है।
उत्तर मध्य रेलवे के खिलाड़ी और सांस्कृतिक टीम के कलाकार अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सदैव ही हमारे लिए गौरव अर्जित करते रहे हैं। इस अवसर पर मैं अपने खेलकूद संघ को खेल गतिविधियों के आयोजन तथा नई खेल अवसंरचना के विकास द्वारा खेलकूद का सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए बधाई देता हूँ। सुश्री कोमल कोहर ने एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में कांस्य पदक तथा न्यूजीलैंड में आयोजित यूनिवर्सल वेटलिफ्टिंग कप में रजत पदक प्राप्त किया। हमारे जिम्नास्ट श्री सिद्धार्थ वर्मा और श्री आदित्य सिंह राणा ने सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीते। उत्तर मध्य रेलवे की महिला क्रिकेट टीम ने लगातार दूसरे वर्ष अंतर रेलवे चैंपियनशिप जीतकर हमें गौरवान्वित किया है।
उत्तर मध्य रेलवे में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए मैं अपनी मान्यता प्राप्त यूनियनों, संघों एवं संगठनों को हार्दिक बधाई देता हूँ। विभिन्न सामाजिक कार्यों में सदैव नि:स्वार्थ भाव से कार्य करने के लिए मैं सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड, सिविल डिफेंस तथा स्काउट्स एवं गाइड्स की टीमों को बधाई देता हूँ। स्काउट्स एवं गाइड्स की टीमों द्वारा इस वर्ष की भीषण गर्मी के दौरान यात्रियों के लिए व्यापक स्तर पर जल सेवा का प्रशंसनीय कार्य किया गया तथा सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के स्वयंसेवकों ने प्रयागराज और विंध्याचल के मेलों सहित विभिन्न अवसरों पर न केवल नि:स्वार्थ सेवा प्रदान की, बल्कि पुरी के जगन्नाथ रथ यात्रा वार्षिक मेला के दौरान प्रदान की गई उनकी सेवाओं की स्थानीय प्रशासन द्वारा भी सराहना की गई। अपनी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद रेल कर्मियों और उनके परिवारों की सहायता में सराहनीय योगदान करने के लिए मैं उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन को भी बधाई देता हूँ।
स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर आइए, हम यह संकल्प लें कि एक टीम के रूप में हम विपरीत परिस्थितियों एवं चुनौतियों का एकजुट होकर सामना करेंगे और प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे। एक बार पुन: मैं समस्त रेलकर्मियों तथा उनके परिजनों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त करता हूँ।“
इस वर्ष उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय कार्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह को वेब कास्ट के माध्यम से सभी रेल कर्मियों एवं अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए तैयार किया गया था। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय सूबेदारगंज में 09:25 बजे शुरू होने वाला स्वतंत्रता दिवस समारोह यू-ट्यूब लिंक www.youtube.com/CPRONCR का उपयोग करते हुए ऑनलाइन उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा, पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य, उत्तर मध्य रेलवे के सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष, अन्य अधिकारी गण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं उनके परिवार के सद्स्य उपस्थित रहे ।

