भोपाल, 15 अगस्त। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के गोविंदपुरा स्थित मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया गया।

समारोह में मंच पर कंपनी के निदेशक (वाणिज्य/तकनीकी / पीडीटीसी) श्री सुधीर कुमार श्रीवास्तव, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन/प्रशासन) श्री राकेश शर्मा, मुख्य वित्त अधिकारी श्री अखिलेश कुमार पाण्डे, मुख्य महाप्रबंधक (भोपाल क्षेत्र) श्री बी.बी.एस. परिहार, मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री डी.पी. अहिरवार, मुख्य महाप्रबंधक (वाणिज्य) श्रीमती स्वाति सिंह ,मुख्य महाप्रबंधक (क्रय) सुश्री मनीषा मेश्राम एवं मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) श्रीमती अमिता तिवारी सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 139 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर कंपनी के उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, नकद राशि एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कंपनी मुख्यालय सहित भोपाल एवं ग्वालियर रीजन के कुल 139 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी ।
उपभोक्ता सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता
प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि विद्युत आपूर्ति केवल एक सेवा नहीं, बल्कि राज्य के विकास, औद्योगिक प्रगति और समृद्धि की जीवनरेखा है। कंपनी का प्रमुख उद्देश्य सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को निर्बाध, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना, अनुशासन और पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करते हुए उपभोक्ता सेवाओं को और बेहतर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कंपनी की वित्तीय स्थिति में हुए सकारात्मक बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दिन-रात की मेहनत, समर्पण और निरंतर प्रयासों से कंपनी की वित्तीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
श्री ऋषि गर्ग ने ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ के अंतर्गत किसानों और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि कंपनी द्वारा किसानों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। साथ ही, मात्र ₹5 में स्थायी घरेलू एवं कृषि पंप विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा ‘स्वयं का ट्रांसफार्मर’ योजना के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ता सेवाओं को अधिक सहज, पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए संचालित ‘संपर्क अभियान 2026’ एवं ‘सरल संयोजन पोर्टल’ जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर का संदेश देते हुए कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग द्वारा पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज द्विवेदी, उपमहाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती नीतू सिंह एवं प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री रवि शर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) श्री दीपक चौरासे द्वारा आभार व्यक्त किया गया। समारोह में कंपनी के मुख्यालय सहित भोपाल एवं ग्वालियर क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
