3 करोड़ 47 लाख रुपये से अधिक कीमत के मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए
भोपाल, 14 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए तकनीकी माध्यमों, CEIR पोर्टल एवं साइबर सेल की दक्षता का प्रभावी उपयोग करते हुए विभिन्न जिलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। विगत दो सप्ताह में की गई कार्रवाइयों में 1,808 गुम मोबाइल फोन 1 टैबलेट सहित, जिनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 47 लाख 81 हजार रुपये से अधिक है, बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए हैं। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरों पर खुशी लौटी और पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा पुलिस ने रक्षाबंधन के पूर्व विशेष कार्रवाई करते हुए 501 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक है। साइबर सेल की तकनीकी दक्षता और निरंतर प्रयासों से मिली इस सफलता ने नागरिकों के विश्वास को और मजबूत किया है।
ग्वालियर
ग्वालियर पुलिस के साइबर सेल ने CEIR पोर्टल के माध्यम से 1 करोड़ 03 लाख रुपये कीमत के 451 गुम मोबाइल फोन देश के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोबाइल वापस मिलने से नागरिकों के चेहरों पर खुशी लौटी। साथ ही, लावारिस मोबाइल पुलिस को सौंपकर जागरूक नागरिकता का परिचय देने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
छतरपुर
छतरपुर पुलिस ने “ऑपरेशन विश्वास” के तहत 276 गुम मोबाइल फोन जिनकी कीमत 41 लाख 40 हजार रुपये है। तलाश कर उनके धारकों को वापस किए है। तकनीकी संसाधनों और साइबर टीम के सतत प्रयासों से बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाए गए है।
दतिया
दतिया पुलिस ने 173 गुम मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये है, तकनीकी माध्यमों से ट्रेस कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे।
जबलपुर
जबलपुर पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से 134 गुम मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 23 लाख रुपये है, सफलतापूर्वक तलाश कर संबंधित आवेदकों को वापस लौटाए।
सागर
सागर पुलिस ने साइबर तकनीक एवं CEIR पोर्टल के माध्यम से 112 गुम मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख 50 हजार रुपये है, बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। सागर साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं IMEI के आधार पर मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों में उपयोग हो रहे मोबाइलों को ट्रेस कर यह सफलता हासिल की।
खंडवा
खंडवा पुलिस ने “ऑपरेशन सहयोग” के तहत वर्तमान कार्रवाई में 109 गुम मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत 20 लाख 48 हजार रुपये है, रिकवर कर उनके वास्तविक धारकों को वापस किए।
श्योपुर
श्योपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 लाख रुपये की कीमत के 40 गुम मोबाइल फोन तलाश कर उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द किए।
जीआरपी
जीआरपी इंदौर द्वारा ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी की घटनाओं के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जीआरपी एवं आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में यात्री मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9 एंड्रॉइड मोबाइल एवं 1 टैबलेट, कुल कीमत 1 लाख 88 हजार 689 रुपये जप्त किए गए। वहीं जीआरपी उज्जैन की कार्रवाई में आरोपियों से 2 मोबाइल फोन एवं 8 हजार रुपये नगद, कुल 55 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
मध्यप्रदेश पुलिस की इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि तकनीकी संसाधनों और पुलिस की सतत मेहनत के माध्यम से गुम मोबाइल को ट्रेस कर वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का अभियान लगातार प्रभावी रूप से जारी है। सेकंड हैंड मोबाइल खरीदने से पहले Sanchar Saathi ऐप पर IMEI का सत्यापन अवश्य करें, ताकि चोरी अथवा गुम हुए मोबाइल की खरीद से बचा जा सके।

