सीहोर। सावन मास में जिला मुख्यालय के समीपस्थ प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम पर इन दिनों आस्था और भक्ति का महासागर उमड़ रहा है। हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सीवन नदी के तट से लेकर कुबेरेश्वरधाम तक पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज रहा है।
सावन के तीसरे सोमवार को बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसी दिन शाम को शहर के सीवन नदी के तट से कुबेरेश्वरधाम तक भव्य कांवड़ यात्रा भी निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। कांवड़ यात्रा और सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन एवं समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं के प्रवेश, निकासी, दर्शन और जलाभिषेक की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सदस्यों ने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान कांवड़ यात्रियों के आवागमन के मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात, पार्किंग, जलाभिषेक और दर्शन व्यवस्था का जायजा लिया गया।
भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन पर जोर
अधिकारियों और समिति सदस्यों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहेगी। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर आवश्यक बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और रूट डायवर्जन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
सीवन तट से धाम तक लगेंगे सेवा पंडाल
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि धाम पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सीवन नदी के तट से कुबेरेश्वरधाम तक अनेक स्थानों पर सेवा पंडाल लगाए जाएंगे। इन पंडालों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चाय, नाश्ता और फलहारी खिचड़ी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार को होने वाली कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति के सेवाभावी कार्यकर्ता प्रशासन के साथ मिलकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। सावन के तीसरे सोमवार को बाबा के विशेष श्रृंगार और कांवड़ यात्रा के चलते कुबेरेश्वरधाम सहित सीवन नदी का तट शिवभक्ति से सराबोर नजर आएगा। श्रद्धालु सीवन नदी से जल लेकर कांवड़ के साथ कुबेरेश्वरधाम पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी आस्था अर्पित करेंगे। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय होने की संभावना है।
