कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा की
संवाददाता । चन्द्रहास निषाद
गरियाबंद। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर बी.एस. उइके ने समय-सीमा बैठक से पहले अधिकारियों की बैठक लेकर आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा समारोह को गरिमामयी और भव्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने समारोह स्थल की व्यवस्था, साफ-सफाई, साज-सज्जा, पेयजल, सुरक्षा, परेड तथा स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अन्य तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने कहा। स्वतंत्रता दिवस की अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को सुबह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड गरियाबंद में होगी। इसमें सभी जिला अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने 14 एवं 15 अगस्त को जिले के सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों में रोशनी करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद हुई समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जनदर्शन, जनचौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल, पीएमओ कार्यालय, हाईकोर्ट, लोक संवाद, सीपी ग्राम सहित उच्च कार्यालयों से संबंधित लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
ई-ऑफिस और ई-एचआरएमएस के प्रभावी उपयोग पर जोर
कलेक्टर ने ई-ऑफिस एवं ई-एचआरएमएस पोर्टल पर किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने ई-ऑफिस के माध्यम से शासकीय फाइलों, नोटशीट एवं पत्राचार ऑनलाइन करने तथा ई-एचआरएमएस के माध्यम से कर्मचारियों की सेवा संबंधी जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। पोर्टल पर लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया।
विधायक-सांसद निधि के कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने कहा
कलेक्टर ने विधायक एवं सांसद निधि तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण से स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अपूर्ण और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा से स्वीकृत कार्य जनहित से जुड़े होते हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने, निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य कराने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। स्वीकृत कार्यों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज एवं पूर्णता प्रमाण पत्र जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय में उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, ऋषा ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण उके सहित सभी एसडीएम एवं जिला अधिकारी मौजूद रहे।

