शामपुरा–मांडलगढ़ खंड में मालगाड़ी के पटरी से उतरने की स्थिति बनाकर राहत, चिकित्सा और बचाव व्यवस्था का किया परीक्षण
कोटा। कोटा मंडल में आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा के निर्देशन में सोमवार को कोटा-चित्तौड़गढ़ खंड के शामपुरा–मांडलगढ़ स्टेशनों के मध्य मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान एक मालगाड़ी के लोको के एक अग्रिम पहिए के पटरी से उतरने तथा लोको पायलट और सहायक लोको पायलट के घायल होने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान सुबह 06:52 बजे सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को तत्काल सूचित किया गया। इसके बाद दुर्घटना राहत एवं चिकित्सा संसाधनों को सक्रिय करते हुए एम्बुलेंस, चिकित्सा दल, दुर्घटना राहत ट्रेन तथा अन्य राहत उपकरणों को रवाना किया गया। साथ ही पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन को भी सूचना दी गई।
मॉक ड्रिल में शामपुरा–मांडलगढ़ के बीच ओएचई की विद्युत आपूर्ति बंद कर राहत कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई। नियंत्रण कार्यालय और घटनास्थल पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे तथा आपात स्थिति में आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया की प्रक्रिया को परखा गया।
वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री पुरुषोत्तम मीणा द्वारा सुबह 08:02 बजे मॉक ड्रिल घोषित की गई। इस दौरान रेल परिचालन पर संभावित प्रभाव और गाड़ियों के नियमन की प्रक्रिया का भी परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति में राहत एवं बचाव दल की त्वरित कार्रवाई, चिकित्सा सहायता की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय को सुनिश्चित करना रहा।

