नर्मदापुरम 9 अगस्त 2026 गायत्री परिवार नर्मदापुरम के तत्वावधान में स्थानीय फेंफरताल क्षेत्र में श्री संजय मीना के निवास पर 24 हजार गायत्री मंत्र जाप एवं एक कुण्डीय गायत्री यज्ञ का 16वां कार्यक्रम श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गायत्री परिवार के परिजनों एवं श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से 24 हजार गायत्री मंत्रों का जाप किया। इसके पश्चात एक कुण्डीय यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र सहित विभिन्न देवी-देवताओं के नाम से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित की गईं। इस वर्ष क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के कारण यज्ञ में वरुण देवता के लिए विशेष आहुतियां अर्पित कर अच्छी वर्षा एवं जनकल्याण की प्रार्थना की गई। श्रद्धालुओं ने पर्यावरण संरक्षण, सुख-शांति एवं सभी के कल्याण की कामना भी की।

गायत्री परिवार नर्मदापुरम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 24 हजार गायत्री मंत्र जाप एवं एक कुण्डीय यज्ञ की श्रृंखला निरंतर आयोजित की जा रही है। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सामूहिक मंत्र जाप, यज्ञ, संस्कार एवं नशामुक्ति जैसे रचनात्मक कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजन श्री परमानंद मालवीय ने बताया कि गायत्री परिवार द्वारा सामूहिक गायत्री मंत्र जाप एवं यज्ञ का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य जन-जन को भारतीय संस्कृति, यज्ञ एवं गायत्री साधना से जोड़ते हुए समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।
