चुनाव परिणाम 2026: देश के चार राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों ने भारतीय राजनीति का समीकरण बदल दिया है। सबसे बड़ा राजनीतिक उलटफेर पश्चिम बंगाल में देखने को मिला, जहां भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। वहीं तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने सबको चौंकाते हुए नंबर-1 पार्टी बनकर उभरी है। असम में हिमंता बिस्वा सरमा की सत्ता में वापसी हुई है, जबकि केरल में 10 साल बाद कांग्रेस ने सरकार बना ली है।
बंगाल में BJP का ‘कमल’ खिलाः ममता को भवानीपुर में हार
294 सीटों वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अब तक भाजपा ने 202 सीटों पर जीत दर्ज की और 4 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 70 सीटें जीत सकी और 11 सीटों पर आगे चल रही है । कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटों पर सफलता मिली। एक सीट फालता पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है।
सबसे चर्चित मुकाबला भवानीपुर सीट पर रहा, जहां भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया। 2021 के बाद यह दूसरी बार है जब सुवेंदु ने ममता को चुनावी मैदान में मात दी है।हार के बाद ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि काउंटिंग सेंटर में उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और दोबारा मतगणना की मांग की। वहीं भाजपा ने इसे बंगाल में “परिवर्तन का जनादेश” बताया।
असम में हिमंता की वापसी, केरल में कांग्रेस की सरकार
असम में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है। पार्टी ने 81 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। वहीं केरल में 10 साल बाद कांग्रेस सत्ता में लौट आई है। कांग्रेस ने 63 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि CPI(M) 26 सीटों पर सिमट गई। पुडुचेरी में भाजपा गठबंधन सरकार बनती दिख रही है।
तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK ने चौंकाया
तमिलनाडु में सबसे बड़ा उलटफेर अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने किया। महज दो साल पुरानी पार्टी ने 96 सीटें जीत लीं और 11 सीटों पर बढ़त बनाई। सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की जरूरत है। सबसे बड़ा झटका मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को लगा, जो कोलाथुर सीट से हार गए। उन्हें TVK उम्मीदवार वीएस बाबू ने 8 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। बाबू कुछ महीने पहले ही DMK छोड़कर विजय की पार्टी में शामिल हुए थे।
