कांवड़ यात्रा में डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध – कलेक्टर
सीहोर, 31 जुलाई 2026
सीहोर के सीवन नदी घाट से कुबेरेश्वर धाम तक आयोजित होने वाली आगामी कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन को लेकर कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करें। उन्होंने नगर पालिका को यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने एवं कचरा के निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति डीजे लाया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सीवन नदी घाट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी श्रद्धालु को नदी में उतरने की अनुमति न दी जाए। घाट पर सुरक्षा दल एवं बोट की तैनाती के साथ सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। इसके साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस के जवानों की पर्याप्त संख्या में ड्यूटी लगाई जाए।
कुबेरेश्वर धाम में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न न हो। पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन किया जाए, अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए जाएं तथा वाहनों की सुव्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। हाईवे एवं मुख्य मार्गों पर डायवर्जन प्लान लागू करने, पर्याप्त संकेतक एवं सूचना बोर्ड लगाने तथा अनाउंसमेंट सिस्टम लगातार संचालित रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही आपातकालीन व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने के लिए कहा गया।
बैठक में श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल, स्वच्छता, प्रवेश एवं निकास द्वार, कंट्रोल रूम तथा चिकित्सा सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक कांवड़ यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना, एएसपी डॉ प्रशांत चौबे, सीएसपी डॉ अभिनंदना शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

