कोरबा, 09 जुलाई। खरीफ सीजन के बीच कृषि विभाग ने उरगा क्षेत्र में अवैध उर्वरक भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 बोरी (करीब 4.5 टन) आईपीएल यूरिया जब्त किया है। ग्राम उरगा के सिलियरी भाटा स्थित एक गोदाम में छापेमारी के दौरान टीम को भारी मात्रा में यूरिया का भंडारण मिला। जांच के दौरान संबंधित खाद विक्रेता से उर्वरक की खरीद-बिक्री से जुड़े बिल और आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में यह भी सामने आया कि श्याम खाद भंडार, उरगा द्वारा उक्त यूरिया का भंडारण एक अघोषित गोदाम में किया गया था। विभागीय अधिकारियों ने उर्वरक का नमूना परीक्षण के लिए संग्रहित किया और नियमानुसार संपूर्ण 100 बोरी यूरिया जब्त कर लिया। पूछताछ के दौरान विक्रेता भंडारण के उद्देश्य को लेकर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद विभाग ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
कृषि विभाग ने जब्त किए गए उर्वरक को अग्रिम कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक महावीर अग्रवाल की सुपुर्दगी में सौंप दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की रक्षा और उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध भंडारण या कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

