38 रेलकर्मियों ने दिखाई उत्साहपूर्ण सहभागिता, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर परखा गया ज्ञान
कोटा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, कोटा स्थित मेधा सीबीटी हॉल में ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अविरल शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता का संचालन कार्मिक विभाग की कल्याण शाखा द्वारा किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 54 रेलकर्मी उपस्थित रहे, जिनमें से 38 कर्मचारियों ने ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, महान स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रीय प्रतीकों, संविधान की मूल भावना तथा स्वतंत्र भारत के इतिहास से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने त्वरित एवं सटीक उत्तर देकर अपने सामान्य ज्ञान, राष्ट्रभक्ति और जागरूकता का प्रभावशाली परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में राष्ट्रीय इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस के प्रति सम्मान, गौरव और सहभागिता की भावना को भी सुदृढ़ करती हैं।
प्रतियोगिता का सफल संचालन मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक श्री जगदीश मेघवाल तथा श्री प्रदीप रूपावत ने किया। उत्साहपूर्ण सहभागिता और अनुशासित वातावरण के बीच कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

