कोरबा, 30 जून 2026। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत बालको अस्पताल ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए 800 से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई और दो दिवसीय डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से 2,357 घरों तक पहुंचकर यह सुनिश्चित किया कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। बालको अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक सिन्हा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का शुभारंभ बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक श्री राजेश कुमार सिंह ने किया। अस्पताल सहित भदरापारा, कैलाश नगर, परसाभाठा, चेकपोस्ट, सतनाम नगर, दैहानपारा, बस स्टैंड, बेलगिरी बस्ती तथा सेक्टर-3 व सेक्टर-4 सहित 12 से अधिक स्थानों पर शिविर लगाए गए, जबकि मोबाइल वैन के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों तक भी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गईं। भीड़भाड़ वाले इलाकों और बस स्टैंड पर विशेष शिविर लगाकर यात्रा कर रहे परिवारों के बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाई गई तथा अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया।

बालको के सीईओ श्री राजेश कुमार सिंह ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा हम सभी की साझा जिम्मेदारी है और बालको समुदाय के स्वास्थ्य एवं निवारक चिकित्सा सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहेगा। सेक्टर-3 निवासी सोमनाथ पटेल ने बताया कि उनकी दो वर्षीय बेटी को अस्पताल में पोलियो की खुराक पिलाने के साथ स्वास्थ्य टीम उनके घर भी पहुंची, जिससे उन्हें इस अभियान की गंभीरता और संवेदनशीलता का एहसास हुआ। 125-बेड वाला बालको अस्पताल कोरबा सहित रायगढ़, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ सरकार के सभी राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन कर सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लगातार मजबूत कर रहा है।

