वृक्षारोपण, प्रदर्शनी, जनजागरूकता कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान का समापन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में विभिन्न पर्यावरणीय गतिविधियों एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया गया। भारतीय रेलवे द्वारा 15 मई से 5 जून तक आयोजित इस अभियान की थीम “जलवायु परिवर्तन—धरती माँ की चुनौतियाँ” रही।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि कार्यक्रम के तहत मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री ललित कुमार धुरंधर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके पश्चात आयोजित प्रदर्शनी में मंडल के विभिन्न विभागों द्वारा अभियान अवधि में किए गए पर्यावरणीय प्रयासों एवं जागरूकता गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्काउट एवं गाइड कैडेटों ने “प्लास्टिक प्रदूषण के विरुद्ध जनजागरण” विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों तथा पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया गया।
समापन समारोह के अंतर्गत आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभिन्न इकाइयों को सम्मानित किया गया। श्रेष्ठ स्टेशन का पुरस्कार बयाना, श्रेष्ठ डिपो का पुरस्कार इलेक्ट्रिक लोको शेड तुगलकाबाद, श्रेष्ठ रेलवे कॉलोनी का पुरस्कार रामगंजमंडी, श्रेष्ठ स्वास्थ्य इकाई का पुरस्कार तुगलकाबाद स्वास्थ्य इकाई तथा श्रेष्ठ कार्यालय का पुरस्कार परिचालन विभाग को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 24 रेलकर्मियों को व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया गया।
